महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी जिला महासमुंद के सभी जिला मोर्चों की संयुक्त कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, मोर्चों की सक्रियता बढ़ाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
बैठक में भाजपा जिला प्रभारी जयंती पटेल, जिलाध्यक्ष येतराम साहू, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा और जिला कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री थान सिंह दीवान ने किया।
प्रस्तावना रखते हुए जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके मोर्चे और कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी मोर्चों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाने, आपसी समन्वय के साथ काम करने और पार्टी के कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी जयंती पटेल ने आगामी संगठनात्मक कार्ययोजनाओं, अभियानों और मोर्चों की भूमिका पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सभी मोर्चे अपने-अपने वर्गों के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की रीति-नीति तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से समर्पित भाव से काम करने की अपील की।
इस दौरान डॉ. वर्णिका शर्मा ने महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर विचार रखे और संगठन के माध्यम से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमन वर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्मिता चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन पटेल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पिलेश्वर पटेल, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष आबिद खान, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष धरम दीवान और अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमोद सागर सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आनंद साहू ने दी।








टिप्पणियाँ (0)