संविधान दिवस पर GPM जिले में गूंजा संविधान की उद्देशिका का संदेश, कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न कार्यालयों में हुआ सामूहिक वाचन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जिलेभर में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर सहित जिला पंचायत, विभिन्न शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया।




कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूल आदर्शों, मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उद्देशिका के वाचन के दौरान 'हम भारत के लोग' के संकल्प के साथ भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा देश के समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराया गया।
इसके साथ ही प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए बंधुता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। संविधान की उद्देशिका में निहित इन आदर्शों के प्रति दृढ़ संकल्प व्यक्त करते हुए 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा संविधान अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किए जाने के ऐतिहासिक महत्व को भी स्मरण किया गया।
इसी क्रम में जिला पंचायत सहित जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में भी कार्यालय प्रमुखों द्वारा संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को संविधान के मूल सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
संविधान दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।









टिप्पणियाँ (0)