धमतरी। नगर निगम में इन दिनों फाइलों से ज्यादा चर्चाएं एक मुलाकात को लेकर गर्म हैं। मामला निगम के कॉन्फ्रेंसिंग हॉल का है, जहां हाल ही में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने वाले एक अधिकारी और एक चर्चित जनप्रतिनिधि के बीच हुई मुलाकात अब निगम के गलियारों में कौतूहल का विषय बनी हुई है। मुलाकात सामान्य थी या इसके पीछे कोई खास वजह थी, यह तो वही दोनों जानें, लेकिन घटनाक्रम ने चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है।
बताया जा रहा है कि कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में अधिकारी आराम से बैठे थे और उनके साथ एक चर्चित जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। उस वक्त हॉल में इन दोनों के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति दिखाई नहीं दे रहा था। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी था। आखिर चर्चा किस मुद्दे पर हो रही थी? निगम की किसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को लेकर विचार-विमर्श था या फिर कोई सियासी और प्रशासनिक समीकरण साधा जा रहा था? इन सवालों पर फिलहाल सन्नाटा है।
तीसरे जनप्रतिनिधि की एंट्री और बातचीत पर अचानक ब्रेक!
चर्चाओं के मुताबिक, तीसरे जनप्रतिनिधि के पहुंचते ही पहले से चल रही बातचीत पर जैसे अचानक ब्रेक लग गया। न कोई खास बातचीत, न कोई गर्मजोशी और न ही बैठने का औपचारिक आग्रह। कुछ देर तक माहौल ऐसा रहा, मानो बातचीत का विषय ही बदल गया हो। दिलचस्प यह कि तीसरे जनप्रतिनिधि के वहां से रवाना होते ही अधिकारी और पहले से मौजूद नेता फिर अपनी चर्चा में जुट गए।

अब सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या चल रहा था, जो तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी में आगे नहीं बढ़ सका? क्या कोई ऐसी बात थी, जिसे सीमित लोगों तक ही रखना था? क्या अधिकारी को मिली नई जिम्मेदारी के इर्द-गिर्द कोई चर्चा चल रही थी या फिर निगम के भीतर किसी नए समीकरण की पटकथा लिखी जा रही थी?
नई जिम्मेदारी, पुरानी नजदीकियां या कोई नया सियासी समीकरण?
नगर निगम की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इस मुलाकात को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, बातचीत के वास्तविक विषय को लेकर न तो कोई आधिकारिक जानकारी सामने आई है और न ही किसी कथित रणनीति की पुष्टि हुई है। इसलिए इन चर्चाओं को फिलहाल कयासों से ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता।
लेकिन एक बात ने जरूर लोगों की जिज्ञासा बढ़ा दी है। अगर मुलाकात पूरी तरह सामान्य थी, तो तीसरे जनप्रतिनिधि के आने पर बातचीत का सिलसिला क्यों थम गया? और उनके जाते ही फिर चर्चा शुरू होने की वजह क्या थी?
फिलहाल कॉन्फ्रेंसिंग हॉल की उस मुलाकात के किरदार खामोश हैं, लेकिन निगम के गलियारों में सवालों की आवाज लगातार गूंज रही है। आखिर कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में कौन-सी खिचड़ी पक रही थी? तीसरे जनप्रतिनिधि की एंट्री से बातचीत का तापमान अचानक ठंडा क्यों पड़ गया? क्या यह महज इत्तेफाक था या फिर इसके पीछे कोई ऐसा मसला था, जिस पर सबके सामने बात करना मुनासिब नहीं समझा गया?
जवाब का इंतजार है। फिलहाल धमतरी नगर निगम में इस मुलाकात की चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही है।








टिप्पणियाँ (0)