बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट...
तेनुघाट/बोकारो। बेरमो अनुमंडल में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चल रही प्रतीक्षा शुक्रवार को समाप्त हुई। बोकारो के उप समाहर्ता सुनील चंद्रा ने बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे तेनुघाट स्थित अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार संभाला।

गौरतलब है कि पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार की गिरफ्तारी के बाद से एसडीओ का पद रिक्त चल रहा था। प्रशासनिक कार्यों के संचालन को देखते हुए जिला प्रशासन ने बोकारो के उप समाहर्ता सुनील चंद्रा को बेरमो एसडीओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा।
पदभार ग्रहण करने के बाद सुनील चंद्रा ने अनुमंडल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। साथ ही कार्यालय में संचालित प्रशासनिक गतिविधियों और विभिन्न विभागीय कार्यों की जानकारी ली।
इस दौरान पेटरवार के प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष महतो, जरीडीह के अंचल अधिकारी प्रणव रितु राज, उपकोषागार पदाधिकारी राहुल कुजूर, निबंधन सह विवाह पदाधिकारी रितु रंजन सहित अनुमंडल कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ (0)