महासमुंद। वन विभाग की गश्ती टीम को बंधक बनाकर मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में खल्लारी पुलिस की कार्रवाई के बाद अब न्यायालय ने भी सख्त रुख अपनाया है। ग्राम तमोरा में वनकर्मियों पर हमला करने के आरोप में अंतरिम जमानत पर चल रहे 10 आरोपियों की जमानत जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने निरस्त कर दी है। गिरफ्तारी वारंट की तामिली के बाद सभी 10 आरोपियों को 20 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चार घंटे तक गश्ती दल को बनाया था बंधक
मामला 6 अक्टूबर 2026 का है। पुलिस के अनुसार, खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम तमोरा स्थित आमाकोनी वन परिक्षेत्र के वन कक्ष क्रमांक 95 और 96 में वन विभाग की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से गश्ती दल को घेर लिया। आरोप है कि शाम करीब 7:30 बजे से रात 11:30 बजे तक वनकर्मियों को बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उनके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपियों पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का भी आरोप है।
बागबाहरा रेंजर नवीन वर्मा की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ था मामला
घटना के बाद बागबाहरा रेंजर नवीन वर्मा की रिपोर्ट पर 7 अक्टूबर 2026 को थाना खल्लारी में अपराध क्रमांक 114/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान 9 और 10 अक्टूबर को आरोपियों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामला अजमानतीय होने के कारण उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
हालांकि, बाद में सभी आरोपियों को प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुंद के न्यायालय से शर्तों के अधीन अंतरिम प्रोविजनल जमानत मिल गई थी।
साक्षियों को डराने-धमकाने की आशंका, पुलिस ने उठाया जमानत निरस्ती का मुद्दा
पुलिस ने आरोपियों को मिली अंतरिम जमानत निरस्त कराने के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया। पुलिस की ओर से आशंका जताई गई कि आरोपियों के बाहर रहने से प्रकरण की निष्पक्ष विवेचना प्रभावित हो सकती है और वे साक्षियों को डराने-धमकाने का प्रयास कर सकते हैं।

मामले की परिस्थितियों और पुलिस की ओर से प्रस्तुत तथ्यों पर विचार करने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी।
इसके बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट पारुल साय के न्यायालय से आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। पुलिस ने 20 नवंबर को वारंट की तामिली कराते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी 10 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ये हैं जेल भेजे गए 10 आरोपी
पुलिस के अनुसार, जेल भेजे गए आरोपियों में लक्ष्मी ध्रुव (35), टेमिन बाई (57), कलाबाई (56), लक्ष्मी बाई (29), प्रदीप ध्रुव (38), सुखराम (45), गणेश (39), चंदन (36), संतकुमार (48) और लक्ष्मी खैरवार (30) शामिल हैं। सभी ग्राम तमोरा, थाना खल्लारी क्षेत्र के निवासी हैं।
वन विभाग की गश्ती टीम पर हमले और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के इस मामले में अब सभी 10 आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। प्रकरण में आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी रहेगी।








टिप्पणियाँ (0)