महासमुंद। डीजे की धुन पर थिरकते युवाओं का उत्साह उस वक्त खौफनाक मंजर में बदल गया, जब दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। मारपीट के बाद हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोल्दा की है। यहां डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे दो गुटों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई।
इस घटना में ग्राम कोमा निवासी डेनिल दीवान की मौत हो गई। वहीं मनु दीवान, सोमनाथ दीवान और मनीष दीवान गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए महासमुंद के सोहम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि खूनी वारदात डीजे डांस प्रतियोगिता स्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई। जिस आयोजन स्थल पर मनोरंजन का माहौल था, उसके नजदीक ही हुई इस घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात में ग्राम आंवराडबरी और ग्राम कन्हारपुरी के चार युवकों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस संदेह के आधार पर चार युवकों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। दोनों गुटों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और चाकूबाजी की घटना में किसकी क्या भूमिका रही, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
नोट... पूरी खबर सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार है। पुलिस के द्वारा अभी तक इस मामले में कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। आधिकारिक बयान जारी होते ही आप तक अपडेट पहुंचाया जाएगा।








टिप्पणियाँ (0)