गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। 15 नवंबर से जिलेभर में धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो गई। खरीदी के पहले ही दिन किसानों में उत्साह देखने को मिला। जिले के 16 धान उपार्जन केंद्रों में कुल 3292 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन जारी किए गए, जिनमें से शाम 5:30 बजे तक 2003.60 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी थी।
धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर विजय दयाराम के. ने नवीन धान उपार्जन केंद्र कोरजा पहुंचकर विधिवत खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र में पहुंचकर किसानों से मुलाकात की और धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने टोकन प्राप्त करने वाले छह किसानों की जानकारी ली तथा विक्रय के लिए लाए गए धान की गुणवत्ता भी जांची।
कलेक्टर ने किसानों से आत्मीय चर्चा करते हुए टोकन व्यवस्था, धान खरीदी की प्रक्रिया और उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों से यह भी पूछा कि उन्हें धान बेचने में किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। उन्होंने केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। टोकन के अनुसार व्यवस्थित खरीदी के साथ धान की गुणवत्ता, तौल और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया जाए।

21 क्विंटल धान बेचना अनिवार्य नहीं, शेष पात्र मात्रा पर भी मिलेगा बोनस
किसानों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने शासन के नवीन प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों के लिए 21 क्विंटल धान बेचना अनिवार्य नहीं है। किसान अपनी सुविधा और इच्छानुसार जितनी मात्रा में धान का विक्रय करना चाहें, कर सकते हैं। शेष पात्र मात्रा के संबंध में भी शासन के प्रावधानों के अनुरूप बोनस राशि प्रदान की जाएगी।
नया उपार्जन केंद्र खुलने से कोरजा क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत
कोरजा में नवीन धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में खुशी है। किसानों ने नए केंद्र की सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि अब धान बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे परिवहन पर होने वाला खर्च और समय दोनों बचेंगे। साथ ही धान विक्रय की प्रक्रिया भी अधिक सुविधाजनक होगी।
जिले के अन्य उपार्जन केंद्रों में भी पहले दिन खरीदी कार्य व्यवस्थित ढंग से प्रारंभ हुआ। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों में किसानों की सुविधा और सुचारू खरीदी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। शुभारंभ अवसर पर स्थानीय सरपंच, जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और किसान उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: दिलीप सोनी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही








टिप्पणियाँ (0)