महासमुंद, 31 अक्टूबर 2026। देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों की स्मृति में महासमुंद पुलिस ने अनूठी पहल की। शहर के लोहिया चौक में आयोजित ‘एक शाम शहीदों के नाम’ देशभक्ति गीत संध्या में पुलिस जवानों, स्थानीय गायकों और बाल कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। देशभक्ति गीतों से गूंजे आयोजन ने उपस्थित नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को प्रबल किया।
राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
महासमुंद पुलिस द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस बैंड की राष्ट्रगान प्रस्तुति के साथ हुई। इसके बाद स्थानीय कलाकारों, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और बाल कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर जवानों के साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया गया।
यह आयोजन 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस से शुरू होकर 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस तक चलने वाले 11 दिवसीय कार्यक्रमों की कड़ी का हिस्सा रहा।

स्थानीय कलाकारों और पुलिस जवानों ने बांधा समां
कार्यक्रम में स्थानीय गायकों कमलजीत सिंह गुरुदत्ता, केशव शर्मा, पंकज सोनी, वीरेंद्र दीवान, संजय सेन (जीवतरा), अरविंद दास प्राहणी और अमित ऋषिकर ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।
पुलिस विभाग की ओर से सहायक उपनिरीक्षक सुधीर सिंह ठाकुर, आरक्षक कामता आवड़े, आरक्षक नूतन पटेल, आरक्षक तामेन्द्र साहू और आरक्षक पवन सिंह ने गीतों के माध्यम से शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। वहीं, बाल कलाकार निकुंज श्रीवास्तव, भिनु पटेल, मानवी निषाद और आरवी देवांगन की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
अतिथियों और नागरिकों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में समाजसेवी राहुल चन्द्राकर और पार्षद राजेन्द्र राजू चन्द्राकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नगर के गणमान्य नागरिकों ने भी आयोजन में सहभागिता निभाई।
पुलिस विभाग की ओर से उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती ललिता मेहर, पीसी सुन्दरलाल चौधरी, उप निरीक्षक बालमुकुंद साहू, प्रशिक्षु सूबेदार ईश्वर साहू, कौशल यादव, अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन आरक्षक विजय साहू ने किया। समापन अवसर पर बालमुकुंद साहू ने अतिथियों, नगरवासियों, कलाकारों और आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शहीदों के बलिदान को याद करने का संदेश
‘एक शाम शहीदों के नाम’ देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बना। देशभक्ति गीतों के जरिए उनके त्याग, साहस और कर्तव्यपरायणता को याद करते हुए लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया।







टिप्पणियाँ (0)