छुरा। नगर पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने नगरवासियों से सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन नहीं करने और नगर की स्वच्छता एवं गरिमा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से राजा तालाब सहित अन्य तालाबों के घाट, खेल मैदान, बाजार परिसर और मुक्तिधाम जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर शराबखोरी से दूर रहने का आग्रह किया।
अध्यक्ष ने कहा कि तालाबों के किनारे शराब पीने के बाद डिस्पोजल गिलास और अन्य कचरा फेंकने से गंदगी फैलती है। इससे जलस्रोतों के आसपास का वातावरण प्रभावित होता है और नगर की सुंदरता भी कम होती है। सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की गतिविधियां आम नागरिकों के लिए असुविधा का कारण बन सकती हैं।

उन्होंने कहा कि खेल मैदान बच्चों और युवाओं की गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण हैं, जबकि बाजार परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे स्थानों पर शराब का सेवन करने से नागरिकों, बच्चों और परिवारों को परेशानी हो सकती है। वहीं, मुक्तिधाम जैसे संवेदनशील और गरिमामय स्थल की मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है।
नगर की स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी
श्रीमती निषाद ने कहा कि नगर की स्वच्छता, सुंदरता और सार्वजनिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नगरवासी का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने, शराब की बोतलें और डिस्पोजल सामग्री इधर-उधर नहीं फेंकने तथा ऐसे स्थानों पर अनुचित गतिविधियों से बचने की अपील की।
अध्यक्ष ने युवाओं, जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से भी इस दिशा में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनजागरूकता के माध्यम से ही नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ उनकी सामाजिक और सांस्कृतिक गरिमा का सम्मान करने की अपील की, ताकि छुरा नगर को स्वच्छ एवं बेहतर बनाने की दिशा में सार्थक पहल की जा सके।








टिप्पणियाँ (0)