महासमुंद, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और पटेवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 88 किलोग्राम गांजा जब्त कर महाराष्ट्र के छह कथित अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 44 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन, पायलेटिंग कर रही स्विफ्ट डिजायर कार, नकदी और मोबाइल फोन सहित कुल 53 लाख 73 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
एनएच-53 पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच और निगरानी की जा रही है। इसी दौरान पटेवा थाना पुलिस को सूचना मिली कि महाराष्ट्र नंबर की एक स्विफ्ट डिजायर कार और एक सफेद पिकअप वाहन में अवैध रूप से गांजे का परिवहन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: खैर लकड़ी तस्करी सिंडिकेट पर महासमुंद पुलिस का शिकंजा, 95 लाख रुपये और जब्त
यह भी पढ़ें: महासमुंद में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट की तस्करी करते 4 आरोपी गिरफ्तार, 690 टैबलेट जब्त
यह भी पढ़ें: गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क पर महासमुंद पुलिस का प्रहार, ओडिशा से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

सूचना के आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर पटेवा थाना के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MH-46 X-5682 को रोककर उसमें सवार तीन लोगों से पूछताछ की गई। कार की तलाशी में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। इसी बीच पीछे से आ रहे सफेद पिकअप वाहन क्रमांक MH-21 BH-9873 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में रखी तीन प्लास्टिक बोरियों से कुल 88 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति में गांजा जब्त कर दोनों वाहनों में सवार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गांजा ओडिशा के बरगढ़ जिले के कटामाल क्षेत्र से लाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। जांच में स्विफ्ट डिजायर कार का इस्तेमाल पायलेटिंग के लिए किए जाने की बात सामने आई है।
महाराष्ट्र के जालना जिले से जुड़े आरोपी
पुलिस ने गांजा परिवहन के आरोप में सिद्धार्थ दानडे, सचिन मदन सोनवानी और बद्रीनाथ प्रहलाद राव खुरमुटे को गिरफ्तार किया है। वहीं, कथित पायलेटिंग वाहन में सवार शंकर तुकाराम डिगे, विशाल संतोष खाडे और दीपक खर्से को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी महाराष्ट्र के जालना जिले और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
53.73 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 88 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 44 लाख रुपये आंकी गई है, जब्त किया। इसके अलावा पांच लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन, चार लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट डिजायर कार, 28,600 रुपये नकद और सात मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए गए। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 53 लाख 73 हजार 600 रुपये है।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पटेवा थाने में अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(ख) और 29(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामले में पुलिस गांजे के स्रोत से लेकर उसकी अंतिम मंजिल तक जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। तस्करी में शामिल अन्य लोगों, वित्तीय लेन-देन और परिवहन की पूरी श्रृंखला का पता लगाने के लिए आगे और पीछे की कड़ियों की पड़ताल जारी है।
पुलिस का कहना है कि सटीक सूचना, त्वरित कार्रवाई और विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय के चलते यह सफलता मिली है।







टिप्पणियाँ (0)