महासमुंद। गांजा तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए महासमुंद पुलिस ने ओडिशा से कथित मुख्य सप्लायर खिरोज नायक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन निश्चय के तहत की गई जांच में गांजे की खेप उपलब्ध कराने वाले स्रोत, परिवहनकर्ताओं और छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में खेप मंगाने वाले व्यक्ति के बीच की कड़ियों का पता लगाया गया।
ट्रक से मिला था 47.300 किलो गांजा
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोमाखान थाना अपराध क्रमांक 52/2026 के इस मामले में 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर अशोक लेलैंड ट्रक क्रमांक CG 04 QS 4806 को रोककर तलाशी ली गई थी। ट्रक से 47 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 23 लाख 65 हजार रुपये बताई गई। इस मामले में ट्रक चालक मोहम्मद मिराज, रोहित पोंड और दो विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन “निश्चय” : महासमुंद पुलिस की ऐतिहासिक कार्यवाही, 51 आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: 1 20 किलो गांजे के साथ दो आरोपी हुए गिरफ्तार…
मोबाइल डेटा से आगे बढ़ी जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जब्त मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण से मिली जानकारी के आधार पर मुंगेली जिले के सरगांव निवासी दीपक साहू को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे गांजे की खेप मंगाने वाले फॉरवर्ड लिंक से जुड़ा बताया है।
इसके बाद कथित सप्लाई सोर्स की पहचान के लिए जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस के मुताबिक, ओडिशा के एम. रामपुर में दबिश देकर कालाहांडी जिले के नारला थाना क्षेत्र के केरांडीखुटी निवासी खिरोज नायक को पकड़ा गया। पुलिस विज्ञप्ति में बताया गया है कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
59.51 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस के जारी आंकड़ों के अनुसार, मामले में 47.300 किलो गांजा (23.65 लाख रुपये), अशोक लेलैंड ट्रक (30 लाख रुपये), डिजायर कार (5 लाख रुपये), चार मोबाइल फोन (41 हजार रुपये) और 45 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 59 लाख 51 हजार रुपये बताया गया है।
बलांगीर से मुंगेली पहुंचाई जानी थी खेप
पुलिस के मुताबिक, गांजे की खेप ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में खपाने की योजना थी। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि एंड-टू-एंड और वित्तीय जांच के जरिए तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली गईं।






टिप्पणियाँ (0)