महासमुंद, 24 नवंबर 2026। परिवार में पत्नी के निधन के बाद पूरा परिवार दशकर्म कार्यक्रम के लिए गृहग्राम गया हुआ था। इसी दौरान छुईपाली स्थित सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक सामान और नकदी चोरी कर ली। मामले में सिंघोड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई संपत्ति में से टीवी, CCTV उपकरण और नकदी सहित कुल 32,780 रुपये का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पत्नी के निधन के बाद परिवार सहित गए थे गृहग्राम
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तुलसीराम धृतलहरे पिता बिसौहा राम धृतलहरे, उम्र 59 वर्ष, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी शांतिबाई धृतलहरे का 15 अक्टूबर 2026 को सुबह लगभग 7 बजे रायपुर में निधन हो गया था। इसके बाद प्रार्थी अपने परिवार सहित अपने मूल निवास ग्राम गर्रा, थाना कोतवाली, जिला बेमेतरा चले गए थे।
पत्नी के दशकर्म कार्यक्रम के पश्चात 11 नवंबर 2026 को शाम लगभग 4:30 बजे जब वे अपने छुईपाली स्थित मकान पहुंचे, तो घर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए मिले। अज्ञात चोर घर का सामान चोरी कर ले गए थे।
3 नवंबर की रात ताला तोड़कर की चोरी
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 138/2026, धारा 305(A) एवं 331(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस चोरी गए सामान और अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर रही थी।

विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर छुईपाली निवासी आकाश साव और जोगेश्वर बरिहा को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने पैसों के लालच में 3 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे तुलसीराम धृतलहरे के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने एक 43 इंच का गूगल टीवी, एक 32 इंच का गूगल टीवी, लगभग 10 हजार रुपये नकद, CCTV DVR और CCTV मॉनिटर चोरी करना बताया।
आरोपियों की निशानदेही पर सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश साव की निशानदेही पर उसके घर से एक 43 इंच का गूगल टीवी, एक 32 इंच का गूगल टीवी तथा नकदी बरामद की गई। वहीं आरोपी जोगेश्वर बरिहा की निशानदेही पर उसके घर से CCTV DVR और CCTV मॉनिटर बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपियों से 2,780 रुपये नकद भी बरामद किए गए। बरामद सामग्री को जब्ती पत्रक के माध्यम से जब्त कर पुलिस ने कब्जे में लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- आकाश साव, पिता सूरज साव, उम्र 21 वर्ष, निवासी छुईपाली, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़।
- जोगेश्वर बरिहा, पिता बिहारीलाल बरिहा, उम्र 40 वर्ष, निवासी छुईपाली, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़।
दोनों आरोपियों को 24 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बरामद संपत्ति का विवरण
- गूगल टीवी 43 इंच – 1 नग, कीमत 10,000 रुपये।
- गूगल टीवी 32 इंच – 1 नग, कीमत 8,000 रुपये।
- CCTV DVR – 1 नग, कीमत 5,000 रुपये।
- सिम राउटर – 1 नग, कीमत 2,000 रुपये।
- CCTV मॉनिटर – 1 नग, कीमत 5,000 रुपये।
- नकद राशि – 2,780 रुपये।
कुल बरामद संपत्ति की कीमत 32,780 रुपये बताई गई है।
सिंघोड़ा पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना के दौरान संदेहियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।







टिप्पणियाँ (0)