महासमुंद। महासमुंद जिला जेल से सोमवार सुबह चार कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। सुबह करीब 4 बजे कैदियों ने जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार होने में सफलता हासिल की। फरार कैदियों में तीन एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक चोरी के मामले में जेल में बंद था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेल में बंद पांच कैदियों ने फरार होने की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने जेल में उपलब्ध कंबलों को आपस में जोड़कर दीवार फांदने का रास्ता तैयार किया। पांच कैदियों ने दीवार पार करने की कोशिश की, जिनमें से चार बाहर निकलने में सफल रहे। पांचवां कैदी दीवार फांदने के दौरान नीचे गिर गया, जिसे पकड़कर वापस जेल में रखा गया।

फरार कैदियों में धरमवीर, लीलाधर और राजेन्द्र एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी हैं। इन पर नशे के कारोबार से जुड़े होने के आरोप हैं। वहीं चौथा कैदी पंचराम चोरी के मामले में जेल में बंद था। घटना के बाद पुलिस ने फरार कैदियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले भी जेल की सुरक्षा में लग चुकी है सेंध
महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी पांच कैदी दिनदहाड़े जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें एक कैदी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के निवासी थे। उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित किया था, जिनमें मुख्य प्रहरी भी शामिल था।
जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
ताजा घटना ने महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल की ऊंची दीवार फांदकर चार कैदियों का फरार हो जाना सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जरूरत को रेखांकित करता है। फिलहाल फरार कैदियों की तलाश जारी है। अब देखना होगा कि इस घटना के बाद जिम्मेदारी तय करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।








टिप्पणियाँ (0)