महासमुंद/रायपुर। जरूरत के समय लिया गया चंद हजार रुपये का कर्ज कब किसी गरीब परिवार के लिए मुसीबत बन जाए, इसका एक गंभीर मामला महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र से सामने आया है। आर्थिक मजबूरी में उधार लेने वाले एक परिवार से कथित तौर पर मूलधन से अधिक रकम वसूलने, खाली चेक अपने पास रखने और धमकी देकर दबाव बनाने के आरोप में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
बसना पुलिस ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा में दबिश देकर आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा के निवास की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, इस दौरान अलग-अलग व्यक्तियों के हस्ताक्षर वाले 160 खाली चेक, 48 हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टांप, 27 एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड तथा 24 बैंक पासबुक बरामद की गईं। इसके अलावा ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली दो डायरियां, दो नोट कॉपियां और 1 लाख 20 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
42 हजार रुपये का कर्ज, 65 हजार की वसूली का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मामला ग्राम बंसुलाडीपा निवासी विनोद चौहान की शिकायत से जुड़ा है। पीड़ित ने अपनी गाड़ी बनवाने की आर्थिक मजबूरी के चलते आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा से 42 हजार रुपये उधार लिए थे। यह रकम उसके छोटे भाई पिताम्बर चौहान के बैंक खाते में जमा कराई गई थी।
आरोप है कि रकम देने के दौरान आरोपी ने औपचारिकता का हवाला देकर दोनों भाइयों के हस्ताक्षरित खाली बैंक चेक, पासबुक और आधार कार्ड की प्रतियां अपने पास रखवा लीं।

फोन-पे से वसूली, घर के बर्तन और जेवर तक बेचने पड़े
पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर घर पर लोगों को भेजकर और फोन के माध्यम से डराया-धमकाया। छोटे भाई के फोन-पे से आठ महीने के भीतर 40 हजार रुपये वसूल किए गए। इसके अलावा घर के बर्तन और सोना-चांदी बिकवाकर 25 हजार रुपये नकद भी लिए गए। इस तरह 42 हजार रुपये के मूलधन के बदले कुल 65 हजार रुपये वसूले जाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, रकम चुकाने के बाद भी आरोपी ने हस्ताक्षरित खाली चेक वापस नहीं किए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि चेक में मनमानी रकम भरकर विभिन्न न्यायालयों में प्रकरण दर्ज कराने की धमकी दी गई।
कैंसर पीड़ित मां के सामने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप
शिकायत में पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके घर में घुसकर उसकी कैंसर पीड़ित माताजी के सामने अश्लील गाली-गलौज करता था और जान से मारने की धमकी देता था। खाली चेक में मनमानी रकम भरकर विभिन्न न्यायालयों में मामले लगाने और परिवार को बर्बाद करने का भय दिखाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद कार्यालय में प्राप्त शिकायत आवेदन की जांच के बाद थाना बसना में अपराध क्रमांक 636/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 296, 351(2) तथा छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम, 1937 की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
रायपुर के फ्लैट में दबिश, दस्तावेजों की बरामदगी से बढ़ा जांच का दायरा
विवेचना के दौरान 13 नवंबर 2026 को थाना बसना पुलिस की टीम ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा के फ्लैट नंबर A-302 में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग व्यक्तियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए।
- विभिन्न व्यक्तियों के हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक – 160 नग
- ऋण पुस्तिका एवं जमीन के कागजात – 09 नग
- हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टांप – 48 नग
- एटीएम/डेबिट/क्रेडिट कार्ड – 27 नग
- बैंक पासबुक – 24 नग
- ब्याज के लेन-देन का हिसाब लिखी डायरियां – 02 नग
- नोट कॉपियां – 02 नग
- नकद राशि – 1,20,000 रुपये
- मोबाइल फोन और नकदी जमा बैंक पर्चियां
160 खाली चेक का राज क्या? जांच में सामने आ सकते हैं अन्य पीड़ित
इस मामले में पुलिस की जांच का अहम पहलू यह है कि आरोपी के पास अलग-अलग व्यक्तियों के हस्ताक्षर वाले 160 खाली चेक, 48 ब्लैंक स्टांप, 27 एटीएम कार्ड और 24 बैंक पासबुक किन परिस्थितियों में पहुंचे। पुलिस द्वारा बरामद डायरियों, नोट कॉपियों, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इन दस्तावेजों की पड़ताल से लेन-देन और संभावित अन्य पीड़ितों के संबंध में तथ्य सामने आ सकते हैं।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर पेशी
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा, पिता स्वर्गीय गुरुदयाल सिंह छाबड़ा, उम्र 53 वर्ष, निवासी फ्लैट नंबर A-302, डॉल्फिन प्लाजा, मोवा, रायपुर को 13 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया है। आरोपी का स्थायी पता वार्ड क्रमांक 10, बसना, जिला महासमुंद बताया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। जब्त दस्तावेजों और बैंक खातों के संबंध में आगे की विवेचना जारी है।
अवैध सूदखोरी के खिलाफ महासमुंद पुलिस की सख्त कार्रवाई
महासमुंद पुलिस के अनुसार, गरीब और असहाय नागरिकों का भयादोहन तथा अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में बरामद दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच के साथ आगे की कार्रवाई जारी है।








टिप्पणियाँ (0)