पंडरीपानी। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक आस्था का प्रतीक गौरा-गौरी महापर्व ओडिशा सीमा से लगे ग्राम पंडरीपानी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना से भक्तिमय हुआ माहौल
पर्व के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार हाथों में दीप लेकर पूजा-अर्चना की और परिक्रमा की। रोशनी, पारंपरिक लोकगीतों तथा ढोल-मंजीरों की गूंज से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

भव्य डोला यात्रा बना आकर्षण का केंद्र
देखिए वीडियो
आयोजन के मुख्य आकर्षण के रूप में भगवान शिव (गौरा) और माता पार्वती (गौरी) के स्वरूप को समर्पित सजे-धजे डोले को पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और जयकारों के बीच निकाला गया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुख-शांति, खुशहाली, समृद्धि और अच्छी फसल की कामना की।
लोक आस्था और भाईचारे की दिखी झलक
ओडिशा सीमा से लगे पंडरीपानी में आयोजित यह पर्व धार्मिक परंपरा के साथ-साथ ग्रामीण एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक बना। गांव के विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने आयोजन को उल्लासपूर्ण बना दिया। गौरा-गौरी पूजा के माध्यम से ग्रामीणों ने पीढ़ियों से चली आ रही लोकपरंपरा को जीवंत रखते हुए नई पीढ़ी तक अपनी सांस्कृतिक विरासत का संदेश पहुंचाया।









टिप्पणियाँ (0)