महासमुंद, 3 नवंबर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सरायपाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास एक कंटेनर वाहन से 120.960 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 60 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है। कंटेनर और मोबाइल फोन सहित कुल एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को सरायपाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर वाहन क्रमांक WB 19 L 3059 में ओडिशा से गांजा भरकर खम्हारपाली बैरियर होते हुए सरायपाली के रास्ते रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही ANTF और सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास घेराबंदी की।
यह भी पढ़ें: महासमुंद में 88 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के छह अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क पर महासमुंद पुलिस का प्रहार, ओडिशा से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: 1 20 किलो गांजे के साथ दो आरोपी हुए गिरफ्तार…

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार कंटेनर वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोककर पूछताछ की। वाहन में सवार व्यक्तियों ने अपनी पहचान अमनदीप (27 वर्ष), निवासी लोहन्दा, सुजानगंज, जिला जौनपुर और लल्लू यादव (24 वर्ष), निवासी हटिया रामनाथ, थाना सुजानगंज, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। कंटेनर में रखे सामान के बारे में पूछने पर उन्होंने चावल की बोरियां होना बताया।
संदेह होने पर गवाहों की मौजूदगी में कंटेनर की तलाशी ली गई। इस दौरान करीब 300 बोरी चावल के बीच छिपाकर रखी गई चार बोरियों से गांजा बरामद हुआ। इन बोरियों में कुल 117 पैकेट थे, जिनका कुल वजन 120.960 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजे की कीमत 60 लाख 48 हजार रुपये आंकी है।
एक करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 120.960 किलोग्राम गांजा, करीब 30 लाख रुपये कीमत का कंटेनर और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश जारी
पुलिस अब गांजे की तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकों की जांच कर रही है। गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक तस्करी की प्रत्येक कड़ी की पहचान कर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ANTF और सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।






टिप्पणियाँ (0)