महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी जिला महासमुंद के आह्वान पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में आम नागरिकों, प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनजागरण और सुशासन के संकल्प के साथ निकाली गई पदयात्रा से पहले स्थानीय हाईस्कूल मैदान में जनसभा आयोजित की गई। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने लोकतंत्र, संवैधानिक व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े विषयों पर विचार रखे।
शिवरतन शर्मा ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का किया आह्वान
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने अपने संबोधन में लोकतंत्र की गरिमा, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और राजनीतिक जवाबदेही के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आम जनमानस से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने तथा जनहित के विषयों पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जनभागीदारी लोकतंत्र की ताकत : रूपकुमारी चौधरी
महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक जनता और उसकी सक्रिय भागीदारी में निहित है। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जनसहभागिता, सामाजिक एकजुटता, जनसेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को आवश्यक बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने स्वागत एवं प्रस्तावना उद्बोधन में पदयात्रा के उद्देश्य और उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनजागरण और जनहित के मुद्दों को लेकर संगठन निरंतर कार्य करता रहेगा। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता सर्वोपरि है तथा विकास, जनहित और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता ही लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान करती है।

कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र पटेल, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक विमल चोपड़ा एवं परेश बागबाहरा तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा अलका चंद्राकर सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रीतम दीवान, त्रिलोचन पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल एवं उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य, नगर पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, नगर पालिका और जनपद पंचायतों के जनप्रतिनिधि, पार्षद तथा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
हाईस्कूल मैदान से विशाल मेगा मार्ट तक निकली पदयात्रा
जनसभा के बाद आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने एकजुट होकर पदयात्रा शुरू की। पदयात्रा हाईस्कूल मैदान से निकलकर बरोंडा चौक होते हुए विशाल मेगा मार्ट के समीप पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही और लोकतंत्र के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री थानसिंह दीवान ने किया। अंत में जिला महामंत्री जितेन्द्र त्रिपाठी ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नवीन कुमार साव एवं जिला मीडिया सह प्रभारी आनंद साहू ने दी।







टिप्पणियाँ (0)