पिथौरा/बसना। छत्तीसगढ़ कलार समाज महिला मंच की ओर से 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को पिथौरा स्थित उजाला पैलेस में प्रदेश स्तरीय महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में चिकित्सा, इंजीनियरिंग, विधि, शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं दे रहीं समाज की प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा।
राजराजेश्वर कार्तवीर्य भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन एवं माता बहादुर कलारिन के आशीर्वाद से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्वजातीय बंधु-बहनें शामिल होंगे।
विधायक सम्पत अग्रवाल होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में बसना विधायक सम्पत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महिला मंच की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती प्रमिला पुनीत सिन्हा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। छत्तीसगढ़ कलार समाज के मुख्य प्रदेश अध्यक्ष युवराज सिन्हा विशेष अतिथि रहेंगे। महासमुंद विधायक राजु सिन्हा, उत्तर रायपुर विधायक पुरन्दर मिश्रा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, जिला पंचायत महासमुंद की सभापति रामदुलारी सिन्हा, प्रदेश संरक्षक दीपक सिन्हा, जिला अध्यक्ष नीरज गजेंद्र, जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा और पिथौरा जनपद सदस्य सुमन जितेन्द्र सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और प्रतिभा सम्मान
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रतिभा सम्मान होगा, जिसमें डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, द्वितीय श्रेणी अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षिका तथा महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से महिलाओं और युवतियों को शिक्षा, रोजगार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की समय-सारणी
आयोजन समिति के अनुसार सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलन होगा। सुबह 10:30 से 11 बजे तक अतिथियों का स्वागत, सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद गतिविधियां होंगी। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक अतिथियों का स्वागत और उद्बोधन, दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक प्रतिभा सम्मान समारोह तथा दोपहर 3:30 से 4 बजे तक आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन की जिम्मेदारी
कार्यक्रम प्रभारी के रूप में अशोक सिन्हा, प्रदेश संयोजक, आदर्श विवाह जनगणना प्रकोष्ठ तथा यशवंत सिन्हा जिम्मेदारी संभालेंगे। मंच संचालन लेखिका सिन्हा, विद्या सिन्हा, पुष्पांजली सिन्हा, धनेश्वरी सिन्हा और लता सिन्हा दीवान करेंगी। मंचीय एवं भोजन व्यवस्था और अतिथियों के स्वागत-सम्मान की जिम्मेदारी स्थानीय कौड़िया परिक्षेत्र के पदाधिकारियों तथा महिला मंच की टीम को सौंपी गई है।
कार्यक्रम के संबंध में महिला मंच की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती प्रमिला पुनीत सिन्हा, संरक्षक श्रीमती किरण सिन्हा, महामंत्री श्रीमती त्रिवेणी सिन्हा और कोषाध्यक्ष श्रीमती संजू सिन्हा ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। आयोजन समिति ने प्रदेशभर के स्वजातीय बंधुओं और बहनों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।








टिप्पणियाँ (0)