GPM। वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों की धरपकड़ और न्यायालयीन आदेशों की तामीली सुनिश्चित करने के लिए बिलासपुर पुलिस रेंज में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर संचालित एक माह के इस अभियान को ‘ऑपरेशन बाज’ नाम दिया गया था। अभियान के दौरान रेंज के सभी जिलों में कुल 1081 स्थायी वारंटों की तामीली की गई। इस कार्रवाई में लंबे समय से पुलिस रिकॉर्ड में फरार दर्ज वारंटियों को भी पकड़ा गया।
समीक्षा में सामने आए थे बड़ी संख्या में लंबित वारंट
दरअसल, आईजी रामगोपाल गर्ग ने बिलासपुर रेंज के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में लंबित स्थायी वारंटों की समीक्षा की थी। समीक्षा के दौरान सामने आया कि विभिन्न थानों में बड़ी संख्या में ऐसे स्थायी वारंट लंबित हैं, जो लंबे समय से फरार आरोपियों के विरुद्ध जारी किए गए थे। इन वारंटों की तामीली के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को लंबित वारंटों की संख्या के आधार पर जिलेवार लक्ष्य निर्धारित कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 से 7 नवंबर 2026 तक पूरे रेंज में ‘ऑपरेशन बाज’ संचालित किया गया।
एक महीने में 1081 स्थायी वारंटों की तामीली
अभियान के दौरान पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से स्थायी वारंटों की तलाश और तामीली की कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप रेंज के सभी जिलों को मिलाकर कुल 1081 स्थायी वारंटों की तामीली की गई। कई ऐसे वारंटियों को भी पकड़ा गया, जो वर्षों से पुलिस रिकॉर्ड में फरार दर्ज थे।

अभियान के दौरान कुछ वारंटियों की मृत्यु हो जाने की जानकारी भी सामने आई। ऐसे मामलों में पुलिस ने संबंधित मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए, ताकि लंबित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
चार जिलों का प्रदर्शन बेहतर, रायगढ़ और कोरबा को हिदायत
आईजी रामगोपाल गर्ग के अनुसार, ऑपरेशन बाज के दौरान बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों ने वारंट तामीली के मामले में बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं रायगढ़ और कोरबा जिले अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके।
अभियान में बेहतर कार्य करने वाले थानों और पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को आगामी अभियानों में कार्यप्रणाली सुधारने और वारंट तामीली में तेजी लाने की हिदायत दी गई है।
आगे भी जारी रहेगी फरार वारंटियों की धरपकड़
आईजी रामगोपाल गर्ग ने स्पष्ट किया है कि स्थायी वारंटों की तामीली पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वर्षों से फरार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने और लंबित वारंटों के निराकरण के लिए इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी समय-समय पर चलाए जाएंगे।
‘ऑपरेशन बाज’ के जरिए बिलासपुर रेंज पुलिस ने लंबित स्थायी वारंटों के निराकरण और फरार वारंटियों की तलाश को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया है।








टिप्पणियाँ (0)