कोमाखान/महासमुंद। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। ताजा मामला परसुली के बाजार चौक का है, जहां आज तड़के करीब 4 बजे अज्ञात लोगों ने दीवान जनरल स्टोर का ताला तोड़कर चोरी की। दुकान संचालक के अनुसार, चोर 8 लीटर पेट्रोल, करीब 3 किलो सेब और गल्ले में रखी नकदी ले गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने चाकू से लैस बदमाशों को देखने की बात कही
पड़ोसी और प्रत्यक्षदर्शी खेदूराम के मुताबिक, सुबह उठने पर उन्होंने कुछ लोगों को दुकान के भीतर देखा। उनका कहना है कि बदमाशों के हाथ में धारदार चाकू थे। यह देखकर वे और उनकी पत्नी सहम गए। इसके बाद उन्होंने दूर से आवाज लगाकर विरोध किया। शोर सुनकर बदमाश मौके से भाग निकले और कथित तौर पर अपनी चप्पलें वहीं छोड़ गए। हथियार होने की प्रत्यक्षदर्शी की बात से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: महासमुंद: झलमला में जनरल स्टोर का ताला तोड़कर चोरी, नकदी और सामान ले उड़े चोर
झलमला में भी जनरल स्टोर में चोरी
इससे पहले ग्राम झलमला के बाजार चौक स्थित खेमराज निषाद के जनरल स्टोर को भी चोरों ने निशाना बनाया था। दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी नकदी और कीमती सामान चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई थी। मुख्य मार्ग के आसपास दुकानों में लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारी परेशान हैं।

नर्रा स्कूल में तोड़फोड़, जोक नदी पुल की रेलिंग भी चोरी
क्षेत्र में इससे पहले ग्राम नर्रा के शासकीय स्कूल में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना भी सामने आई थी। वहीं, जोक नदी पुल से लोहे की रेलिंग के पाइप उखाड़कर चोरी किए जाने की शिकायत है। रेलिंग के अभाव में रात के समय पुल से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
रात्रि गश्त बढ़ाने और कार्रवाई की मांग
परसुली, झलमला और नर्रा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, घटनाओं की गंभीरता से जांच करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों ने परसुली में मौके पर छूटी चप्पलों सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच किए जाने की भी मांग रखी है।
लगातार हो रही चोरी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। अब ग्रामीणों की निगाह पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर है।








टिप्पणियाँ (0)