धमतरी। आदर्श शिक्षण समिति द्वारा संचालित नूतन इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल के नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के विद्यार्थियों के लिए सिटी पार्क में शैक्षणिक भ्रमण एवं पिकनिक का आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हे विद्यार्थियों ने पढ़ाई से इतर मनोरंजन, खेलकूद और आपसी मेलजोल का भरपूर आनंद लिया।
पिकनिक के दौरान बच्चे विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। किसी ने झूलों का आनंद लिया तो किसी ने फिसलपट्टी पर खेलकर अपनी खुशी जाहिर की। बच्चों की खिलखिलाहट और उत्साह से सिटी पार्क का माहौल खुशनुमा हो गया।

आयोजन की खास बात यह रही कि स्कूल की शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के साथ खेलकूद में हिस्सा लिया। वे बच्चों के साथ घुल-मिलकर खेलीं और उनके साथ पिकनिक का आनंद उठाया। शिक्षिकाओं की इस सहभागिता ने बच्चों के लिए इस दिन को और भी यादगार बना दिया।
इस अवसर पर शाला की प्राचार्या नम्रता पाठक सहित अर्पणा रणसिंह, सुरेखा जगताप, वर्षा जाधव, उमा क्रीदत, किरण गुप्ता, पिंकी आचार्य, भारती पदामवार, रोशनी पदामवार, अमीसा रायपुरकर, नीलम सारथी तथा स्कूल स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य छोटे बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ मनोरंजन, खेलकूद और आपसी मेलजोल का अवसर देना था। इस तरह की गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, सहयोग और सामाजिक व्यवहार की भावना विकसित करने में सहायक होती हैं। पिकनिक के बाद बच्चे अपने साथ ढेर सारी खुशियां और यादगार पल लेकर लौटे।








टिप्पणियाँ (0)