महासमुंद, 13 नवंबर 2026। जरूरत के वक्त इंसान अपनी जमा-पूंजी और घर के जेवर तक गिरवी रखने को मजबूर हो जाता है। उसे उम्मीद रहती है कि कुछ समय बाद कर्ज और ब्याज चुकाकर अपनी अमानत वापस ले आएगा। लेकिन जब वही अमानत लौटाने के बजाय कथित तौर पर गलाकर अपने पास रख ली जाए, तो भरोसे पर चोट लगना लाजिमी है। महासमुंद जिले के सांकरा में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां पत्नी के सोने के जेवर गिरवी रखकर रकम लेने वाले ग्रामीण को उस वक्त झटका लगा, जब वह पूरा कर्ज और ब्याज चुकाकर अपने जेवर छुड़ाने पहुंचा। आरोप है कि दुकान संचालक ने उसे यह कहकर लौटा दिया कि अब सोना डूब गया है। मामले की जांच में पुलिस ने गिरवी रखे जेवर गलाकर अपने पास रखने का खुलासा करते हुए श्याम ज्वेलर्स के संचालक राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।
मामला ग्राम श्रीरामपुर निवासी शनिलाल चौहान से जुड़ा है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घरेलू जरूरत के चलते शनिलाल ने अपनी पत्नी सावित्री चौहान के सोने के माला और कान के टॉप्स, जिनका वजन करीब 15 ग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये थी, श्याम ज्वेलर्स सांकरा में गिरवी रखे थे। इसके बदले उन्हें रकम उधार दी गई थी। गिरवी की शर्त दो प्रतिशत प्रतिमाह ब्याज बताई गई थी।
यह भी पढ़ें: महासमुंद पुलिस की सूदखोरी पर बड़ी कार्रवाई, 160 ब्लैंक चेक बरामद
जेवर गिरवी रखते समय शनिलाल ने दुकान संचालक से रसीद मांगी, लेकिन आरोप है कि उसे यह कहकर टाल दिया गया कि रसीद की कोई जरूरत नहीं है, समय-समय पर ब्याज देते रहना। भरोसे में आकर ग्रामीण ने भी कोई विवाद नहीं किया। वह फोन-पे के माध्यम से ब्याज की रकम चुकाता रहा। उसे उम्मीद थी कि जब भी मूलधन और ब्याज की पूरी रकम जुट जाएगी, वह अपनी पत्नी के जेवर वापस ले आएगा।
पूरी रकम लेकर पहुंचा तो बदल गया दुकानदार का रवैया
इस मामले में 24 जून 2026 का दिन पीड़ित के लिए परेशानी का कारण बन गया। शनिलाल चौहान अपने साथ गवाहों को लेकर मूलधन और ब्याज की पूरी रकम लेकर श्याम ज्वेलर्स पहुंचा। मकसद सिर्फ इतना था कि अपनी पत्नी के गिरवी रखे सोने के जेवर वापस ले सके। लेकिन शिकायत के मुताबिक, दुकान संचालक ने समय अधिक हो जाने की बात कहते हुए जेवर डूब जाने की बात कह दी। पीड़ित ने जब अपने सोने की वापसी की मांग की तो कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। न तो उसकी रकम ली गई और न ही जेवर वापस किए गए।
अपने ही जेवर वापस पाने के लिए भटक रहे ग्रामीण ने आखिरकार पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद में शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 3(5) में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।

रसीद नहीं देने और एकतरफा शर्तों पर हस्ताक्षर कराने का आरोप
पुलिस की जांच में गिरवी कारोबार के तरीके को लेकर कई अहम बातें सामने आईं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल वर्ष 2021 में तहसीलदार बसना से प्राप्त साहूकारी लाइसेंस के आधार पर ग्रामीणों के सोने-चांदी के आभूषण गिरवी रखता था। लेन-देन का हिसाब अपने रजिस्टरों में दर्ज किया जाता था, लेकिन ग्राहकों को पावती रसीद नहीं दी जाती थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोप लगाया कि दुकान की छपी हुई गिरवी रसीद बुक में पहले से ही ऐसी शर्तें दर्ज थीं, जिनके अनुसार तय समय तक मूलधन और ब्याज नहीं चुकाने पर गिरवी रखे जेवर बेचने या डुबाने का अधिकार दुकान संचालक को मिल जाता था। आरोप है कि ग्राहकों से इन शर्तों पर हस्ताक्षर करा लिए जाते थे और बाद में अंतिम तिथि मनमाने तरीके से दर्ज की जाती थी।
पुलिस के अनुसार, शनिलाल चौहान के मामले में भी उसके गिरवी रखे सोने के जेवरात को बिना जानकारी दिए गलाकर अपने पास रख लिया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में बरामदगी की कार्रवाई की।
15 ग्राम गला हुआ सोना और कारोबार के दस्तावेजों का जखीरा बरामद
13 नवंबर को थाना सांकरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ की। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर करीब 15 ग्राम गली हुई अवस्था में सोना बरामद किया गया। इसके साथ ही गिरवी और ब्याज के लेन-देन का हिसाब दर्ज 20 रजिस्टर, सात कॉपियां और श्याम ज्वेलर्स के नाम से छपी दो गिरवी रसीद बुक जब्त की गईं।
पुलिस ने एक सैमसंग एस22 अल्ट्रा मोबाइल फोन और तहसीलदार बसना द्वारा जारी साहूकारी लाइसेंस भी विधिवत जब्त किया है। जब्त किए गए रजिस्टरों और कॉपियों में अन्य ग्रामीणों के गिरवी लेन-देन का विवरण दर्ज होना बताया गया है।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर पेशी
पुलिस ने प्रकरण में अपराध के साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी राकेश उर्फ विक्की अग्रवाल, उम्र 36 वर्ष, पिता स्वर्गीय श्यामसुंदर अग्रवाल, निवासी त्रिलोक नगर सांकरा, संचालक श्याम ज्वेलर्स, को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह समाचार पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति और विवेचना में सामने आए तथ्यों पर आधारित है। आरोपी के विरुद्ध आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।








टिप्पणियाँ (0)