महासमुंद, 24 नवंबर 2026। पत्नी के निधन के बाद परिवार सहित गृहग्राम गए एक व्यक्ति के छुईपाली स्थित सूने मकान में चोरी के मामले का सिंघोड़ा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से टीवी, सीसीटीवी उपकरण, सिम राउटर और नकदी समेत 32,780 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पत्नी के निधन के बाद परिवार गया था बेमेतरा
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायतकर्ता तुलसीराम धृतलहरे पिता बिसौहा राम धृतलहरे (59), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी हैं। उनकी पत्नी शांतिबाई धृतलहरे का 15 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे रायपुर में निधन हो गया था। इसके बाद परिवार अपने मूल निवास ग्राम गर्रा, थाना कोतवाली, जिला बेमेतरा चला गया था। दशकर्म के बाद 11 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे छुईपाली लौटने पर उन्हें घर के कमरों के ताले टूटे मिले और सामान चोरी होने का पता चला।

तीन नवंबर की रात चोरी करने की बात कबूली
शिकायत पर थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 138/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(A) और 331(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर आकाश साव और जोगेश्वर बरिहा को बुलाकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पैसों के लालच में 3 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे तुलसीराम धृतलहरे के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने 43 इंच और 32 इंच के एक-एक गूगल टीवी, लगभग 10,000 रुपये नकद, CCTV DVR और CCTV मॉनिटर चोरी करने की जानकारी दी।
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर बरामदगी
पुलिस के अनुसार, आकाश साव की निशानदेही पर उसके घर से दोनों टीवी तथा जोगेश्वर बरिहा की निशानदेही पर उसके घर से CCTV DVR और CCTV मॉनिटर बरामद किए गए। बरामद सामान की सूची में एक सिम राउटर भी शामिल है। आरोपियों से कुल 2,780 रुपये नकद बरामद किए गए। जब्ती पत्रक तैयार कर सामान पुलिस कब्जे में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
आकाश साव, पिता सूरज साव, उम्र 21 वर्ष, निवासी छुईपाली, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़।
जोगेश्वर बरिहा, पिता बिहारीलाल बरिहा, उम्र 40 वर्ष, निवासी छुईपाली, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद, छत्तीसगढ़।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 24 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की जानकारी दी है।
बरामद संपत्ति का विवरण
- 43 इंच गूगल टीवी, एक नग — 10,000 रुपये
- 32 इंच गूगल टीवी, एक नग — 8,000 रुपये
- CCTV DVR, एक नग — 5,000 रुपये
- सिम राउटर, एक नग — 2,000 रुपये
- CCTV मॉनिटर, एक नग — 5,000 रुपये
- नकदी — 2,780 रुपये
कुल बरामद संपत्ति का मूल्य 32,780 रुपये है। पुलिस की यह कार्रवाई थाना सिंघोड़ा द्वारा की गई है।







टिप्पणियाँ (0)