महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पलसापाली नाका पर सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार से चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और चांदी जैसी छह सिल्लियां बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री का कुल वजन 52 किलो 528 ग्राम (रैपर सहित) है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है।
कार में सवार दो व्यक्ति चांदी से संबंधित सामग्री के वैध स्वामित्व, खरीदी-बिक्री और परिवहन के दस्तावेज, पक्के जीएसटी बिल या ई-वे बिल प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने चांदी, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल कार सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

चेकिंग के दौरान रोकी गई विक्टोरिस कार
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को थाना बसना पुलिस की टीम पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार क्रमांक CG 23Q 9222 को रोककर तलाशी ली गई।
कार में उमेश कंसारी, निवासी गोबरानवापारा, जिला रायपुर और रोशन कुमार साहू, निवासी ग्राम बेलटूकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद सवार थे। तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीटों पर रखे छह काले रंग के बैग मिले।
छह बैगों में मिले आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां

पुलिस के अनुसार, बैगों में पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, कड़े, ब्रेसलेट और करधन सहित अलग-अलग प्रकार के चांदी के आभूषण रखे थे। इसके अलावा चांदी जैसे बर्तन, मूर्तियां और छह नग चांदी जैसी सिल्लियां भी बरामद की गईं। सामग्री का कुल वजन 52 किलो 528 ग्राम (रैपर सहित) और अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। कार से 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी मिले।
न जीएसटी बिल, न ई-वे बिल
पुलिस के मुताबिक, दोनों व्यक्तियों से वैध स्वामित्व, खरीदी-बिक्री और परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे पक्का जीएसटी बिल, ई-वे बिल या अन्य वैध परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील किया। संबंधित व्यक्तियों द्वारा दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की बात लिखित में दिए जाने के बाद जब्ती की कार्रवाई की गई।
कार समेत 1.03 करोड़ रुपये से अधिक का मशरूका जब्त
जब्त सामग्री में चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां (52 किलो 528 ग्राम), अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये; नकद 3 लाख 39 हजार 800 रुपये; तथा मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार CG 23Q 9222, अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये शामिल हैं। कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये बताई गई है।
जीएसटी विभाग को भी भेजी गई सूचना
पुलिस ने संपूर्ण सामग्री और वाहन को विधिवत सीलबंद कर धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत जब्त किया है। मामले की सूचना आयुक्त, जीएसटी विभाग छत्तीसगढ़ को भी भेजी गई है, ताकि संबंधित विभाग अपने स्तर पर जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर सके।
सीमावर्ती नाकों पर वाहन जांच जारी
महासमुंद जिला ओडिशा की सीमा से जुड़ा होने के कारण अंतरराज्यीय आवागमन और माल परिवहन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पुलिस के अनुसार, सीमावर्ती चेक पोस्ट और नाकों पर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पलसापाली नाका पर हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है।
फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण, बर्तन और सिल्लियां कहां से लाई जा रही थीं और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। इन सवालों के जवाब दस्तावेजों और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।









टिप्पणियाँ (0)