महासमुंद, 25 नवंबर 2026। गांजा तस्करी के लिए तस्करों ने इस बार लग्जरी कारों को जरिया बनाया था। VIP नंबर वाली बताई जा रही दो महंगी कारों में सवार होकर गांजे की खेप ओडिशा से दूसरे राज्यों तक पहुंचाने निकले चार आरोपियों की योजना को महासमुंद पुलिस ने नाकाम कर दिया। कोमाखान पुलिस ने नेशनल हाईवे-353 स्थित टेमरी नाका पर घेराबंदी कर दोनों कारों से 85 किलो 80 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 42 लाख 55 हजार 500 रुपये बताई गई है। कार्रवाई में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, दोनों कारों, पांच मोबाइल और नकदी सहित कुल 71 लाख 67 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर टेमरी नाका में घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 24 नवंबर को कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वोक्सवैगन कार क्रमांक CG 04 KP 6666 और महिंद्रा एक्सयूवी-700 कार क्रमांक BR 01 KC 1111 में सवार लोग ओडिशा के खरियार रोड की ओर से गांजा लेकर बागबाहरा-महासमुंद की तरफ आ रहे हैं। दोनों वाहन आगे-पीछे चल रहे थे।
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन निश्चय: ओडिशा से धमतरी गांजा लेकर जा रहे चार युवक टेमरी नाका पर गिरफ्तार, 4.490 किलो गांजा बरामद
यह भी पढ़ें: चावल की बोरियों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे 60 लाख का गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: महासमुंद में 88 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के छह अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस ने टेमरी नाका स्थित नेशनल हाईवे-353 पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। कुछ ही देर में दोनों कारें वहां पहुंचीं, जिन्हें घेराबंदी कर रोक लिया गया। तलाशी के दौरान वोक्सवैगन कार की डिक्की में रखी चार प्लास्टिक बोरियों से 14 पैकेट गांजा बरामद हुआ। वहीं महिंद्रा एक्सयूवी-700 से भी 14 पैकेट गांजा मिला। दोनों वाहनों से कुल 85.080 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, उत्तरप्रदेश और बिहार के निवासी
पुलिस के अनुसार, वोक्सवैगन कार में सवार चालक आदिल शेख पिता शोहराब अहमद (38 वर्ष), निवासी बिलरियागंज, जिला आजमगढ़ (उत्तरप्रदेश) और उसके साथ बैठी रिया पटेल पिता ज्ञान प्रकाश (22 वर्ष), निवासी महावीरपुरम, पनकी रोड, थाना कल्याणपुर, जिला कानपुर (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
वहीं महिंद्रा एक्सयूवी-700 में सवार शुभम सिंह पिता नरेश सिंह (20 वर्ष), निवासी आदर्श नगर भुईंधारा, थाना एवं जिला समस्तीपुर तथा राजा कुमार पिता नंदलाल प्रसाद (24 वर्ष), निवासी गौहरबसंत, थाना गरखा, जिला छपरा (बिहार) को गिरफ्तार किया गया।
ओडिशा से दिल्ली और इटारसी तक गांजा पहुंचाने की थी योजना
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र से लाकर इटारसी और दिल्ली में बिक्री के लिए ले जाना बताया। पुलिस के मुताबिक, तस्करी में दो कारों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
71.67 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई में पुलिस ने 85.080 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 42,55,500 रुपये, पांच मोबाइल फोन कीमत 1,82,000 रुपये, दो कारें कीमत 25 लाख रुपये और 2 लाख 30 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। इस तरह कुल 71,67,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
कोमाखान पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C), 27(a) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन निश्चय के तहत गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है।








टिप्पणियाँ (0)