महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 560 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन और दो मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में महाराष्ट्र के जलगांव जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन निश्चय के तहत की।
मुखबिर की सूचना पर रेहटीखोल में नाकेबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच और नाकेबंदी की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आयशर माजदा प्रो 3015 वाहन क्रमांक MH 18 BG 7546 में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास चेक पोस्ट पर नाकेबंदी की।
कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन नंबर वाला आयशर माजदा वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में दोनों के जवाब संदिग्ध पाए गए। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।
कैरेट के नीचे छिपी थीं गांजे की 16 बोरियां
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को कैरेट के नीचे बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा मिला। पुलिस के मुताबिक, कुल 16 बोरियों से 560 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में लगभग 35 किलोग्राम गांजा रखा गया था। इस तरह तस्करों ने वाहन में सामान के नीचे गांजा छिपाकर पुलिस की जांच से बचने की कोशिश की थी, लेकिन नाकेबंदी के दौरान उनकी योजना विफल हो गई।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन, जिसकी कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है, और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये है।
महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय रविन्द्र पवार, उम्र 30 वर्ष, निवासी सोनबरक्षी, थाना एरंडोल, जिला जलगांव और स्वराज महाजन, उम्र 25 वर्ष, निवासी कसोदा आडगांव, थाना कासोदा, जिला जलगांव, महाराष्ट्र के रूप में की है।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के ब्रह्मपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव ले जाने की बात बताई। पुलिस अब इस तस्करी के पूरे नेटवर्क, गांजे के स्रोत, गंतव्य और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के साथ सप्लाई नेटवर्क और आर्थिक लेनदेन की जांच पर भी जोर दिया जा रहा है। रेहटीखोल चेक पोस्ट पर की गई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है।
जब्त संपत्ति का विवरण....
- 560 किलोग्राम गांजा, कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये
- आयशर माजदा प्रो 3015 वाहन, कीमत 15 लाख रुपये
- दो मोबाइल फोन, कीमत 8 हजार रुपये
- कुल जब्त संपत्ति, कीमत 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये








टिप्पणियाँ (0)