धमतरी जिला क्रिकेट संघ के प्रतिभावान युवा तेज गेंदबाज नवदीप सामले ने अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। नवदीप का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित कर्नल स्व. सी. के. नायडू ट्रॉफी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) की अंडर-23 टीम में हुआ है।

नवदीप सामले लगातार स्थानीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी गति, सटीकता और अनुशासित गेंदबाजी से चयनकर्ताओं को प्रभावित करते रहे हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने उन्हें राज्य की अंडर-23 टीम में तेज गेंदबाज के रूप में शामिल किया है।नवदीप की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर धमतरी जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर है। संघ के पदाधिकारियों ने नवदीप के समर्पण और निरंतर अभ्यास की सराहना करते हुए कहा कि जिला स्तर से निकलकर राष्ट्रीय पटल की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जगह बनाना जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी बड़ी प्रेरणा है।जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष शरद रणसिंह, उपाध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, सचिव अजय बाबर, सहसचिव सकुश गुप्ता, कोषाध्यक्ष राकेश दीवान, कोच सजल चंद्राकर सहित समस्त सदस्यों और जिले के खेल प्रेमियों ने नवदीप सामले को हार्दिक बधाई देते हुए टूर्नामेंट में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं की हैं ।








टिप्पणियाँ (0)